छतरपुर, शिवम सोनी। सटई नगर परिषद में सीएम हेल्पलाइन पर कथित तौर पर फर्जी शिकायतें दर्ज कराने का मामला सामने आया है। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वर्तमान पार्षद राजेश शर्मा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती आवेदन सौंपा है। आवेदन में आरोप लगाया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने अपनी पहचान छिपाकर नितिन सोनी के नाम से नगर परिषद से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।


नगर परिषद कार्यालय की ओर से सटई थाना पुलिस को भेजे गए पत्र के अनुसार नितिन सोनी के नाम पर 10 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, नितिन सोनी से संपर्क करने पर उन्होंने स्वयं शिकायतें दर्ज नहीं कराने की बात कही और इस संबंध में शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया है।


परिषद का आरोप है कि शिकायतें दर्ज कराने के बाद संबंधित मोबाइल नंबर बंद कर दिए जाते हैं, जिससे नगर परिषद के कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी तरह अन्य नगर निकायों में भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं तथा कुछ ठेकेदारों के निर्माण कार्यों को लेकर शिकायतों के माध्यम से उन्हें परेशान या कथित रूप से ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया है।


राजेश शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और शिकायतों के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।