छतरपुर,संदीप यादव। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम कैड़ी में बीती रात रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ सो रही एक महिला और उसकी नाबालिग पुत्री पर परिवार के ही एक युवक ने हसिये से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी ने किशोरी को छत से नीचे फेंक दिया। दोनों घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


सोते समय किया हमला


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कैड़ी निवासी गीता कुशवाहा (40) पति दशरथ कुशवाहा और उनकी पुत्री बेबी कुशवाहा (15) बीती रात करीब 12 बजे अपने घर की छत पर सो रही थीं। तभी परिवार के ही पुष्पेन्द्र कुशवाहा ने छत पर पहुँचकर सो रही मां-बेटी पर हसिये से हमला कर दिया। हमले में गीता कुशवाहा के गले में गंभीर चोट आई है।


बेटी को छत से नीचे फेंका


आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने किशोरी बेबी कुशवाहा पर भी हसिये से प्रहार किया और उसे एक मंजिला छत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिरकर लहूलुहान हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन जागे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।


पैसे चोरी करने का भी आरोप


पीडि़त महिला गीता कुशवाहा ने बताया कि आरोपी पुष्पेन्द्र से करीब एक माह पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी खुन्नस वह रख रहा था। हमले के साथ ही पीडि़ता ने आरोपी पर घर में रखे पैसे चोरी करने का भी आरोप लगाया है।