छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। जिले में निजी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। शहर के सुशीला जैन मेमोरियल हॉस्पिटल में पीलिया के इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और भ्रामक जानकारी देने के आरोप लगाए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैशाली सावरकर नामक महिला को पीलिया की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसे सामान्य स्थिति बताकर उपचार जारी रखा गया। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने कई बार डॉक्टरों से मरीज की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी मांगी और आवश्यकता पड़ने पर उसे बड़े अस्पताल रेफर करने का आग्रह किया। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन द्वारा आश्वस्त किया जाता रहा कि मरीज को कोई खतरा नहीं है और यहीं उपचार संभव है। आरोप है कि करीब 3 से 4 दिन तक अस्पताल में रखने के बाद जब महिला की हालत अत्यंत गंभीर हो गई, तब उसे नागपुर रेफर किया गया। परिजन तत्काल महिला को नागपुर लेकर पहुंचे, जहां रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई घटना के बाद मृतका के परिजनों ने छिंदवाड़ा कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए अस्पताल के खिलाफ जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते उचित निर्णय लिया जाता, तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) एन. गुन्नाडे ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है और जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद जिले में निजी अस्पतालों की जवाबदेही और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या रुख अपनाता है वही जब अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन उठाना उचित नहीं समझा।
“सब ठीक है” कहकर बहलाते रहे डॉक्टर, देर से रेफर… महिला की मौत

Saurabh Shukla
16 अप्रैल 2026, 08:58 am IST
Saurabh Shukla16 अप्रैल 2026, 08:58 am IST
