छतरपुर,विनोद मिश्रा। शहर में एक किराने की दुकान के सामने सामान रखने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना भयानक रूप ले बैठा कि आरोपी युवक ने न सिर्फ दुकानदार को बेरहमी से पीटा, बल्कि बीच बचाव करने आए उसके 78 वर्षीय बुजुर्ग पिता को भी जमीन पर पटककर मारपीट कर दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है।
मामला छतरपुर शहर का है, जहां 53 वर्षीय कृष्णचंद्र ताम्रकार किराने की दुकान चलाते हैं। उनके पड़ोस में रहने वाला पुनीत जैन त्रिपाल और बरसाती का कारोबार करता है। बताया जाता है कि पुनीत जैन ने अपनी दुकान का सामान कृष्णचंद्र ताम्रकार की दुकान के ठीक सामने रख दिया था। जब कृष्णचंद्र ने सामान हटाने को कहा तो दोनों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया।
विवाद गाली-गलौज तक बढ़ गया और पुनीत जैन ने अचानक कृष्णचंद्र ताम्रकार पर हमला बोल दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी बेंच उठाकर दुकानदार पर हमला करता है और फिर लात-घूंसे मारकर बुरी तरह पिटाई करता है। इस दौरान पुनीत जैन की बहन भी मौके पर पहुंच गई और उसने भी मारपीट में साथ दिया।
जब 78 वर्षीय बुजुर्ग पिता अपने बेटे को बचाने के लिए आगे आए, तो आरोप है कि पुनीत जैन और उसकी बहन ने बुजुर्ग को भी जमीन पर पटक दिया और उनके साथ भी मारपीट की। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह हस्तक्षेप करके दोनों पीड़ितों को बचाया।
पूरी घटना किसी स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल फोन में कैद कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोगों ने इसकी निंदा करते हुए कहा है कि बुजुर्ग के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।
पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद मामले का संज्ञान ले लिया है। फिलहाल आरोपी पुनीत जैन और उसकी बहन के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और बुजुर्ग के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में कार्रवाई की तैयारी चल रही है। पीड़ित कृष्णचंद्र ताम्रकार और उनके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

