खजुराहो,तुलसीदास सोनी। 25 मार्च को निषाद राज जयंती के अवसर पर युवा रैकवार समाज, राजनगर विधानसभा के तत्वाधान में 30 किलोमीटर लंबी भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान खजुराहो की सड़कों पर युवाओं का जोश और उत्साह देखने लायक रहा। तपती धूप के बावजूद हजारों युवाओं ने रैली में भाग लेकर समाज की एकता और शक्ति का प्रदर्शन किया।


रैली की शुरुआत पुराना एयरपोर्ट सिंचाई कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण आश्रम में पूजा-अर्चना के साथ हुई। राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और स्वयं भी इसमें शामिल होकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। रैली का नेतृत्व युवा ब्लॉक अध्यक्ष राजेश रैकवार, उपाध्यक्ष गणेश रैकवार, कार्यकारी अध्यक्ष विजय रैकवार, कोषाध्यक्ष रमेश रैकवार एवं संरक्षक मोहन रैकवार ने किया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अरविंद पटैरिया, नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि आशाराम पाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान समाजसेवियों, मातृशक्ति, वरिष्ठजनों और युवाओं का सम्मान भी किया गया।


शाम के समय निकाली गई शोभायात्रा में रैकवार समाज की महिलाओं और बहनों की विशेष भागीदारी रही। निषाद राज की आकर्षक झांकियों के साथ यात्रा मतंगेश्वर महाराज मंदिर पहुंची, जहां जलाभिषेक और स्वागत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


रैली का जगह-जगह स्वागत किया गया, जिसमें समाज के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। अंत में युवा रैकवार समाज ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और भी भव्य आयोजन का संकल्प लिया।