मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर में शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जिला चिकित्सालय में 24 करोड़ रुपए से अधिक लागत से बने 200 बिस्तरीय भवन का लोकार्पण किया। इसमें 100 बिस्तरों का वार्ड और 100 बिस्तरों वाला एमसीएच भवन शामिल है।
इस दौरान दोनों नेताओं ने मल्हारगढ़ और गरोठ विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों में भी भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राकेश सिंह ने कहा कि लोकनिर्माण विभाग “लोकनिर्माण से लोक कल्याण” की दिशा में काम कर रहा है और भविष्य में बनने वाले भवनों को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

