छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। जिले के सिंगोड़ी बस स्टैंड पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अचानक एक जर्जर नीलगिरी के पेड़ की भारी-भरकम डाली टूटकर नीचे आ गिरी। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना बालक शाला परिसर के पास की है, जहां लंबे समय से एक पुराना और कमजोर नीलगिरी का पेड़ खड़ा था। दोपहर के समय अचानक तेज आवाज के साथ उसकी मोटी डाली टूटकर पहले पास स्थित ‘अमानत बूट हाउस’ की छत पर गिरी और फिर सड़क पर खड़े तीन नाबालिग बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। डाली गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद राहगीरों और दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि तीनों बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि यह हादसा स्कूल के समय होता, तो स्थिति कहीं अधिक भयावह हो सकती थी, क्योंकि इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे गुजरते हैं।
सूचना मिलते ही सरपंच कपिल ठाकुर मौके पर पहुंचे और पंचायत कर्मियों के साथ जेसीबी मशीन की मदद से गिरी हुई डाली को हटवाया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस खतरनाक पेड़ को जल्द ही पूरी तरह हटाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड जैसे संवेदनशील इलाके में जर्जर पेड़ों की अनदेखी किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। फिलहाल, कुछ सेकंड की देरी ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया, लेकिन यह घटना आने वाले समय के लिए एक चेतावनी जरूर बन गई है।

