टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। जिले के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के भेलसी गांव में एक युवती और उसके दो वर्षीय बेटे के शव कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि महिला की हत्या कर दोनों शवों को कुएं में फेंक दिया गया। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन के साथ ससुराल में अक्सर मारपीट होती थी और शवों पर चोट के निशान भी स्पष्ट दिखाई दिए।
पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। बल्देवगढ़ थाना प्रभारी ने कहा कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

