सतना, अंबिका केसरी| सतना जिले में कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहने पर पांच महिला ग्राम रोजगार सहायकों (जीआरएस) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की शुरुआत की गई है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित जीआरएस दो दिन के भीतर उपस्थित होकर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, ये सभी महिला जीआरएस नागौद ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पदस्थ हैं। आरोप है कि वे अपने कार्यस्थल से दूर रहकर शासकीय कार्यों को प्रभावित कर रही हैं।
जारी नोटिस के मुताबिक, ग्राम पंचायत छींदा की जीआरएस रश्मि सिंह रीवा में निवास कर रही हैं, जबकि इटमा की अंजू सिंह, रुनेही की प्रियंका सिंह और दुरेहा की प्रियंका त्रिपाठी सतना शहर में रह रही हैं। नियमों के अनुसार, मनरेगा के तहत नियुक्त जीआरएस को अपने कार्यक्षेत्र में ही रहना अनिवार्य होता है, ताकि योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से हो सके। सीईओ शैलेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

