ईएसडब्ल्यू सोसाइटी की 13वीं राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का समापन

Advertisement
खजुराहो,शिवेंद्र शुक्ला । एनवायरमेंट एंड सोशल वेलफेयर (ईएसडब्ल्यू) सोसाइटी खजुराहो द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का समापन गोदावरी स्वरोजगार केंद्र, नहदौरा ग्राम में हुआ। यह संगोष्ठी जलवायु परिवर्तन एवं जैव विविधता संरक्षण विषय पर आयोजित की गई, जिसमें देशभर से शोधार्थियों, प्राध्यापकों एवं वैज्ञानिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार तथा मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद भोपाल के अकादमिक सहयोग से किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश बौद्ध, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य विभाग, संभाग भोपाल रहे। अध्यक्षता डॉ. प्रवीण कुमार, वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र जम्मू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. अलमान कुमार दास, मोदी साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी राजस्थान, गेस्ट ऑफ ऑनर डॉ. वंदना राम, पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय शहडोल तथा सम्माननीय सदस्य डॉ. जयश्री तिलक, वैज्ञानिक जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया तमिलनाडु उपस्थित रहीं। अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर ‘इकोलॉजी’ पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसे डॉ. अश्वनी कुमार दुबे, डॉ. कुसुम कश्यप एवं डॉ. दीपाली जाट ने लिखा है। साथ ही डॉ. अश्वनी कुमार दुबे द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर आधारित प्राणीशास्त्र की प्रायोगिक पुस्तकों का भी प्रकाशन किया गया। दो दिवसीय संगोष्ठी के अंतर्गत पांच तकनीकी सत्रों में कुल 38 शोध पत्रों का वाचन किया गया। बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवॉर्ड डॉ. प्रवीण कुमार (जम्मू), विनीत कुमार मौर्य, डॉ. हरि सिंह (डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर), सुब्रत जाना (मोदी विश्वविद्यालय, राजस्थान), नीतू पांडे (डीएवी कॉलेज, कानपुर), डॉ. सी.एस. पुरोहित (बीएसआई, राजस्थान) एवं राजा मिश्रा (पं. शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय, शहडोल) को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती स्निग्धा दास (उदयपुर) एवं डॉ. चंदन सिंह पुरोहित (राजस्थान) को ईएसडब्ल्यू सोसाइटी की आजीवन सदस्यता तथा डॉ. वंदना राम को फेलोशिप प्रदान की गई। ईएसडब्ल्यू एक्सीलेंस अवॉर्ड राजा मिश्रा (शहडोल), अप्रिशिएशन मेडल स्निग्धा दास (राजस्थान), एक्सीलेंस इन एग्री जर्नलिज्म अवॉर्ड डॉ. प्रवीण कुमार (जम्मू), बेस्ट अकैडमीशियन अवॉर्ड डॉ. प्रज्ञा मिश्रा (चित्रकूट), सोशल इनोवेटिव नेशनल अवॉर्ड प्रो. अलमान कुमार दास (राजस्थान) एवं एस रिकॉग्निशन अवॉर्ड डॉ. कुसुम कश्यप, डॉ. शादाब सिद्दीकी एवं वैज्ञानिक मनोज कुमार को प्रदान किए गए।
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड डॉ. मीरा श्रीवास्तव (पूर्व प्राचार्य, शासकीय महाविद्यालय बीकानेर) को, जबकि बेस्ट साइंटिस्ट अवॉर्ड डॉ. जयश्री तिलक (जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया), डॉ. चंदन सिंह पुरोहित (बोटैनिकल सर्वे ऑफ इंडिया, जोधपुर) एवं डॉ. संगीता मासी (शासकीय महाविद्यालय अनूपपुर) को दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ईएसडब्ल्यू सोसाइटी खजुराहो एवं पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय शहडोल के फिशरीज विभाग के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। सभी अतिथियों को गोदावरी अकैडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अश्वनी कुमार दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रो. संगीता मासी ने किया।
