छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नौगांव में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में कलेक्टर मृणाल मीणा पहुंचे। इस दौरान महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, जिला पंचायत सीईओ, एडीएम, एसडीएम नौगांव, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर मृणाल मीणा ने गुरूवार सुबह ग्राम पंचायत मऊसानिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बुंदेलखंड गौशाला का निरीक्षण किया और परिसर में वृक्षारोपण भी किया। कलेक्टर ने बलभद्र पुस्तकालय पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इसके बाद कलेक्टर नौगांव सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने को कहा।
शिविर में पहुंचे ग्रामीण और नगरवासी
निरीक्षण के बाद कलेक्टर जन समस्या निवारण शिविर में पहुंचे। शिविर में ग्रामीणों और नगरवासियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही विभिन्न प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।
कलेक्टर के अचानक छतरपुर जाने से मायूस हुए फरियादी
जन समस्या निवारण शिविर में कलेक्टर से सीधे मुलाकात कर अपनी समस्याओं का निराकरण कराने की उम्मीद लेकर पहुंचे कई फरियादियों को उस समय मायूसी हाथ लगी, जब कलेक्टर को अचानक आवश्यक कार्य के चलते छतरपुर रवाना होना पड़ा। कलेक्टर से मुलाकात की उम्मीद लेकर आए कुछ फरियादी अपनी समस्याएं लेकर ही वापस लौट गए।
फरियादियों का कहना था कि वे काफी उम्मीद के साथ शिविर में पहुंचे थे और कलेक्टर के सामने अपनी समस्या रखना चाहते थे, लेकिन उनके अचानक चले जाने के कारण उन्हें मुलाकात का अवसर नहीं मिल सका और मौके पर समस्या का निराकरण भी नहीं हो पाया।
खराब मौसम का भी दिखा असर
वहीं, खराब मौसम के कारण जन समस्या निवारण शिविर में अपेक्षा के अनुरूप लोगों की मौजूदगी नहीं रही। हालांकि शिविर में मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों और नगरवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।














