दतिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह 10:15 बजे विशेष विमान से दतिया हवाई पट्टी पहुंचे। यहां से सीधे विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ पहुंचकर उन्होंने मां बगलामुखी और महाभारत कालीन वानखंडेश्वर महादेव के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना की।

मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वीआईपी मूवमेंट के चलते आम श्रद्धालुओं की एंट्री करीब डेढ़ घंटे तक पूरी तरह बंद रखी गई। इस दौरान कई पंडा-पुजारियों को भी मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया।

योगी आदित्यनाथ करीब 15 मिनट तक पीतांबरा पीठ में रहे। उन्होंने मां बगलामुखी की विधि-विधान से पूजा की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

झांसी में 20 घंटे का कार्यक्रम
दर्शन के बाद सीएम योगी का काफिला सड़क मार्ग से झांसी के लिए रवाना हो गया। झांसी में वे करीब 20 घंटे रुकेंगे। यहां वे 1500 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक भी लेंगे।

मंत्रीगण भी करते हैं नियमित दर्शन
उल्लेखनीय है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन कर चुके हैं। यूपी सरकार के कई अन्य मंत्री भी समय-समय पर दतिया आकर माता और शिव के दर्शन करते रहते हैं। मंदिर परिसर और आसपास दोनों जिलों (दतिया व झांसी) में प्रशासन पूरे अलर्ट मोड पर रहा।