छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के किशोर सागर तालाब में फैली गंदगी और बदबू का मुद्दा पेप्टेक टाइम ने बीते रोज प्रमुखता से उठाया था जिसके मद्देनजर बुधवार से नगर पालिका द्वारा किशोर सागर तालाब की सफाई का अभियान शुरू किया गया है। दो नाव और चार मछुआरों की मदद से तालाब में फैली गंदगी, जलकुंभी और सड़ चुके कचरे को निकालने का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि अगले 10 दिनों के भीतर तालाब की सफाई पूरी कर ली जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब लगातार प्रदूषित होता जा रहा है। मीट मंडी और आसपास के कुछ दुकानदारों द्वारा बचा हुआ मांस और अन्य जैविक अपशिष्ट तालाब में फेंके जाने से पानी दूषित हो रहा है। इसके कारण तालाब में मछलियों की मौत हो रही है और सडऩ से आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। इससे पर्यावरण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका बनी हुई है।
सफाई अभियान के दौरान तालाब से कचरा और मृत मछलियों को बाहर निकालने का कार्य किया जा रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल सफाई अभियान चलाने के बजाय तालाब में गंदगी और अपशिष्ट फेंकने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
वहीं, किशोर सागर तालाब के चारों ओर सुरक्षा बाउंड्री नहीं होने से भी लोगों में चिंता बनी हुई है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय हरित अधिकरण में मामला लंबित होने और रोक के कारण तालाब की बाउंड्री का निर्माण नहीं हो पा रहा है। ऐसे में तालाब के किनारे सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से हृत्रञ्ज के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शीघ्र समाधान निकालने और तालाब की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।




