टीकमगढ़। अधिकारियों में अहम का टकराव कोई नई बात नहीं है। ऐसे मामले अक्सर होते रहते हैं पर मध्यप्रदेश में दो वरिष्ठ अफसरों के बीच आपसी लड़ाई इतनी बढ़ गई कि बात इस्तीफे पर पहुंच गई। एक अधिकारी कथित तौर पर गाली गलौज पर उतर आए जिससे गुस्साए और आहत दूसरे अधिकारी ने विभाग को अपना इस्तीफा भेज दिया। वरिष्ठ अधिकारी के इस्तीफे से पूरे विभाग में खलबली मच गई। विभागीय अधिकारियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। प्रदेश के जेल विभाग यह मामला टीकमगढ़ जेल से जुड़ा हुआ है जहां जेल अधीक्षक यजुवेंद्र बाघमारे और डिप्टी जेलर अश्विनी शुक्ला विभागीय जांच के एक मामले के दौरान भिड़ गए। डिप्टी जेलर ने तो जेल डीजी को इस्तीफा ही भेज दिया। इसमें डिप्टी जेलर शुक्ला ने जेल अधीक्षक बाघमारे पर गाली देकर बेइज्जत करने सहित कई आरोप लगाए। हालांकि डिप्टी जेलर शुक्ला के इस्तीफे को नामंजूर कर दिया गया है। जेल मुख्यालय के हस्तक्षेप के बाद मामले को शांत कराया गया वहीं मामले की जांच भी शुरु कर दी गई है।


ऐसे शुरू हुआ दोनों अधिकारियों के बीच विवाद


टीकमगढ़ जेल में बंद एक कैदी को सागर जेल भेजा गया था। जहां से उसको जमानत मिल गई। जमानत पर छूटे बंदी ने टीकमगढ़ जेल में हुए बुरे बर्ताव की शिकायत अफसरों से की। जेल के उच्च अधिकारियों ने सागर के जेलर अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार को जांच सौंपी। जिसके बाद जांच प्रतिवेदन के लिए उन्होंने डिप्टी जेलर मनोज मिश्रा को अधिकृत किया।