नई दिल्ली। दिल्ली की राजनीति में आम आदमी पार्टी में बड़ी टूट का दावा सामने आया है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी से अलग होने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है और अब वह “जनता के करीब जाने” का फैसला कर रहे हैं। राघव चड्ढा ने खुद को “गलत पार्टी में सही आदमी” बताते हुए कहा कि लंबे समय से वह पार्टी के अंदर घुटन महसूस कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP अब अपने शुरुआती मूल्यों के अनुरूप काम नहीं कर रही है और निजी हितों के लिए काम कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि उनके साथ राज्यसभा में पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसद भी हैं, जिन्होंने समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं। इनमें हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, विक्रमजीत साहनी और अशोक मित्तल समेत कई नाम शामिल बताए गए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में चड्ढा ने कहा कि वे संविधान के प्रावधानों के तहत राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्यों के साथ खुद को बीजेपी में विलय करने का निर्णय ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा, लेकिन अब यह अपने सिद्धांतों से भटक गई है। इस घटनाक्रम के बाद दिल्ली की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इसके बड़े सियासी असर देखने को मिल सकते हैं।



