छतरपुर,शिवम सोनी। शहर के डाकखाना चौराहे पर एक ई-रिक्शा चालक द्वारा सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से सीधे तार जोड़कर अपना रिक्शा चार्ज करने (बिजली चोरी) का मामला सामने आया है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वीडियो बनाते देख चालक घबराकर तार निकालते हुए नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
'हम तार निकाल रहे हैं, वीडियो मत बनाओ'
वीडियो में ई-रिक्शा (रजिस्ट्रेशन नंबर MP 16 R 6184) का चालक डाकखाना चौराहे पर ट्रांसफार्मर के पास रिक्शा खड़ा कर उसमें सीधे तार जोड़ता दिख रहा है। ये सब सड़क पर खुलेआम चल रहा था, जिसे देखकर राहगीर भी हैरान थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब एक व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो चालक घबरा गया। उसने तुरंत ट्रांसफार्मर से तार निकालते हुए कहा, "हम तार निकाल रहे हैं, वीडियो मत बनाओ।" इसके बाद वह मौके से हटने की कोशिश करने लगा।
हादसे का खतरा, स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ट्रांसफार्मर से सीधे कनेक्शन लेकर बिजली चोरी करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है और बिजली विभाग को भी भारी आर्थिक नुकसान होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में इस तरह की बिजली चोरी की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।

