छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में ओबीसी महासभा ने किसानों और पिछड़ा वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में ओबीसी की जातिगत जनगणना कराने और अलग कॉलम जोड़ने, 13 प्रतिशत होल्ड हटाकर नियुक्तियां देने की मांग उठाई गई। वहीं किसानों के मुद्दों में चांद, चौरई और बिछुआ क्षेत्रों में अवैध रेत खनन पर रोक लगाने, आदिवासी इलाकों में अवैध शराब बिक्री बंद कराने और खाद नगद वितरण पर लगे प्रतिबंध हटाने की मांग शामिल रही।


संगठन ने ई-टोकन प्रणाली समाप्त कर किसानों को सीधी राहत देने, आगजनी से फसलों के नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने और खाद-बीज की बढ़ी कीमतें वापस लेने की भी मांग की। इसके अलावा वन्य प्राणियों के हमलों पर नियंत्रण, पीड़ित परिवारों को 50 लाख मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी रखी गई। कुसमेली कृषि उपज मंडी की अव्यवस्थाओं को सुधारने, शेड, पानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की बात भी कही गई। इस दौरान ओबीसी महासभा के जिलाध्यक्ष विपिन वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान और युवा मौजूद रहे।