बच्चों ने जंगल की सैर कर ली अनुभूति!

Advertisement
पन्ना (मोहम्मद मुस्तकीन)। वन विभाग द्वारा हर वर्ष आयोजित 'अनुभूति' कार्यक्रम के माध्यम से स्कूली बच्चों को जंगलों की सैर कराकर वन, वन्यजीवों एवं पर्यावरण के महत्व का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाता है, ताकि युवा पीढ़ी प्रकृति से जुड़ सके और उसकी रक्षा के प्रति जागरूक हो।
इसी क्रम में पन्ना टाइगर रिजर्व की अजयगढ़ एवं धरमपुर रेंज में लगातार दो-दो दिनों तक अलग-अलग जंगलों में स्कूली बच्चों को वन भ्रमण कराया गया। वन विभाग के कर्मचारियों के मार्गदर्शन में बच्चों ने पेड़-पौधों की विभिन्न प्रजातियों, वन्यजीवों के निशान एवं पर्यावरण के संतुलन से रूबरू होकर खूबसूरत जंगलों का भरपूर आनंद लिया।
पन्ना टाइगर रिजर्व के घने एवं मनमोहक जंगलों की सुंदरता देख बच्चे बेहद उत्साहित और खुश नजर आए। जंगल सफारी के दौरान उन्होंने प्रकृति की विविधता को करीब से महसूस किया और जंगलों को सुरक्षित रखने, वन्यजीवों की रक्षा करने तथा पर्यावरण संरक्षण का दृढ़ संकल्प भी लिया।
यह कार्यक्रम बच्चों में पर्यावरण के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना जगाने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। वन विभाग के प्रयासों से युवा पीढ़ी जंगलों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा सकेगी।
