भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन से सफर करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील के बाद मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल किया है।


इसके लिए महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक कार XEV 9e खरीदी गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसी इलेक्ट्रिक कार से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री की यह पहल प्रदेश में हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


मुख्यमंत्री की नई इलेक्ट्रिक कार का पंजीयन नंबर MP 02 VB 2047 रखा गया है। इस विशेष नंबर में 'VB' का अर्थ 'विकसित भारत' है, जबकि '2047' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को प्रदर्शित करता है, जिसके तहत वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी। मुख्यमंत्री के काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल होने से आम लोगों में भी ईवी वाहनों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जाएगा।