टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले में असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाने के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला देहात थाना क्षेत्र के मबई गांव के कुमरयाना मोहल्ले का है, जहां गणेश पंडाल में कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से हंगामा किया गया। आरोप है कि तीन लोगों ने शराब के नशे में उत्पात मचाते हुए गणेश जी की मूर्ति को मंच से नीचे फेंक दिया।


घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मामले में प्रकाश अहिरवार, मनोज अहिरवार और भागचंद अहिरवार पर आरोप लगाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। खबर लिखे जाने तक आरोपी फरार बताए जा रहे थे।


स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी देहात थाना क्षेत्र के मबई में विवाद और उत्पात की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में जिले में आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला भी सामने आया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।