छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। जटाशंकर धाम से दर्शन कर लौट रहे पांच दोस्तों की कार बुधवार शाम गहरवार गांव के पास अनियंत्रित होकर करीब 40-45 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। हादसे में 22 वर्षीय राकेश अहिरवार की मौत हो गई, जबकि चार युवक घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार की रफ्तार करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी।


हादसा ईशानगर थाना क्षेत्र में शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच हुआ। बताया गया कि तेज रफ्तार कार सड़क से करीब 30-40 फीट दूर स्थित कुएं में जा गिरी। कार चला रहे 25 वर्षीय गुड्डा अहिरवार ने वाहन के कुएं में गिरने से पहले छलांग लगा दी, जिससे वह बाहर गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।


ग्रामीणों की मदद से कुएं में फंसे तीन युवकों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान कटारे का पुरवा निवासी राकेश अहिरवार को भी बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घायलों में गुड्डा अहिरवार (25), निक्की अहिरवार (14-15), सीताराम अहिरवार (27) और सूरज अहिरवार (21) शामिल हैं।


कुएं में पानी अधिक होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आई। इसके बाद पंपों की मदद से कुएं का पानी खाली कराया गया और पानी कम होने पर कार को भी बाहर निकाला गया। ईशानगर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह के अनुसार, सभी पांच युवक जटाशंकर धाम से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।