एक साथ घटी चांदी की 17 फीसदी कीमत, जानिए कितने हुए दाम...?

Advertisement
नई दिल्ली। सोने और चांदी के बाजार में आज 30 जनवरी को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। प्रॉफिट बुकिंग के चलते MCX पर चांदी के दामों में भारी टूट आई है। एक किलो चांदी का भाव ₹67 हजार यानी करीब 17% गिरकर ₹3.32 लाख तक पहुंच गया। हालांकि बाद में इसमें थोड़ी रिकवरी देखने को मिली और चांदी करीब 12% की गिरावट के साथ ₹3.51 लाख पर ट्रेड करती नजर आई।
सोने के दामों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। MCX पर 10 ग्राम सोने की कीमत ₹15 हजार यानी करीब 9% गिरकर ₹1.54 लाख तक आ गई। बाद में हल्की रिकवरी के साथ सोना करीब 3% गिरावट के साथ ₹1.64 लाख के स्तर पर कारोबार करता रहा। बाजार में गिरावट का असर गोल्ड और सिल्वर ETF पर भी पड़ा, जहां आज 23% तक की गिरावट दर्ज की गई।
सर्राफा बाजार में भी असर
MCX के साथ-साथ सर्राफा बाजार में भी सोने-चांदी के दाम लुढ़क गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, चांदी की कीमत ₹40,638 गिरकर ₹3,39,350 प्रति किलो पर आ गई है। वहीं 24 कैरेट सोने का भाव ₹9,545 की गिरावट के साथ ₹1,65,795 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
गिरावट की मुख्य वजह मुनाफा वसूली
विशेषज्ञों के अनुसार हाल के दिनों में सोने और चांदी में आई तेज तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू कर दी, जिससे कीमतों में अचानक तेज गिरावट देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर भी घरेलू बाजार पर पड़ा है।
MCX और सर्राफा बाजार में दाम अलग क्यों होते हैं?
MCX एक ऑनलाइन कमोडिटी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म है, जहां शेयर बाजार की तरह हर सेकंड खरीद-फरोख्त होती है, इसलिए यहां दाम तेजी से बदलते रहते हैं।
वहीं सर्राफा बाजार में फिजिकल सोना-चांदी की खरीद होती है, जिसमें ट्रांसपोर्ट, स्टोरेज और मेकिंग चार्ज जैसी लागत जुड़ी होती है, इसी वजह से दोनों बाजारों के दामों में अंतर देखने को मिलता है।
