पढ़ाई के प्रति लगन और अनुशासन को बताया सफलता का सूत्र

छतरपुर। बुधवार को घो​षित हुए मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के परिणामों में छतरपुर के मेधावी छात्र समीर यादव ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शहर के प्रतिष्ठित ड्रीमलैण्ड इंग्लिश स्कूल के छात्र समीर पुत्र श्री द्वारका प्रसाद यादव ने वाणिज्य संकाय में 500 में से 474 अंक प्राप्त कर सफलता के झंडे गाड़े। समीर ने न केवल अपने विद्यालय ब​ल्कि अपनी कोचिंग के भी सभी विद्या​र्थियों को पीछे छोड़ते हुए सर्वा​धिक अंक हासिल किए।

समीर की इस सफलता पर उनके घर और स्कूल में जश्न का माहौल है। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने समीर की कड़ी मेहनत की सराहना की। शिक्षकों का कहना है कि समीर शुरू से ही पढ़ाई के प्रति अनुशासित और लगनशील रहे हैं, जिसका सुखद परिणाम आज सबके सामने है। वहीं समीर यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने ​शिक्षकों और परिजनों को दिया है। समीर ने बताया कि परीक्षा के दौरान उन्होंने नियमित अध्ययन और विषयों के गहराई से अभ्यास पर ध्यान केंद्रित किया। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में हर्ष व्याप्त है और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है। ड्रीमलैण्ड इंग्लिश स्कूल के प्रबंधन ने समीर की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल के लिए यह गर्व का क्षण है। उन्होंने समीर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और उम्मीद जताई है कि वे आगामी जीवन में भी इसी तरह सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।