बी.फार्मा की छात्रा 6 दिन से लापता: CCTV फुटेज में ऑटो में बैठती दिखी, तलाश में जुटी पुलिस

Advertisement
छतरपुर विनोद मिश्रा। छतरपुर में कॉलेज के लिए घर से निकली 18 वर्षीय बी.फार्मा छात्रा पिछले 6 दिनों से लापता है। छात्रा 28 फरवरी 2026 को सुबह घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छात्रा की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सटई रोड इलाके में किराए के मकान में रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा कृष्णा यूनिवर्सिटी में बी.फार्मा की पढ़ाई कर रही है। छात्रा रोजाना सुबह कॉलेज जाती थी और शाम तक घर लौट आती थी।
परिजनों के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को छात्रा सुबह करीब 8 बजे कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। शाम 5 बजे तक घर नहीं आने पर उसके भाई नमन ने पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने कृष्णा यूनिवर्सिटी, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
इस बीच एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें छात्रा सुबह करीब 8 बजकर 25 मिनट पर एक ऑटो में बैठते हुए दिखाई दे रही है। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजनों ने बताया कि छात्रा पिछले एक महीने से किसी अज्ञात लड़की से फोन पर बातचीत कर रही थी। फिलहाल दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं, जिससे मामले में संदेह और बढ़ गया है।
परिजन अपनी बेटी को सकुशल तलाशने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और छात्रा की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।


