खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में प्रेम प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक भाजपा से जुड़े नेता ने अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज होकर उसके पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली। आरोपी ने अपनी थार कार से परिवार की कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बलेनो कार में सवार सौरभ अपनी मां सुमन बाई, भाई-बहन और साले के साथ मूंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सारिका, रविंद्र राठौर और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।


घटना की सूचना मिलते ही मूंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पोस्टमार्टम कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि थार चालक सनावद निवासी लवकुश है, जो भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उसका पीड़ित परिवार की युवती से प्रेम संबंध था, लेकिन युवती की शादी कहीं और तय होने से वह नाराज था। इसी के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।


ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी पहले से शादीशुदा है और युवती से उसकी उम्र करीब 25 साल अधिक बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।