छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुर्राहा में सोमवार की रात रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दबंगों ने घर में घुसकर विश्वकर्मा परिवार पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस घटना में छह महीने की गर्भवती बहू, उसके ससुर और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

छह महीने से चल रहा था रास्ते का विवाद

पीड़ित परिवार के अनुसार, गांव में उनके घर के सामने खाली पड़ी जमीन और रास्ते को लेकर पिछले करीब छह महीने से विवाद चल रहा है। आरोप है कि रज्जू खान द्वारा रास्ता बंद कर दिया गया था। इस रास्ते के समाधान के लिए परिवार द्वारा थाना पुलिस, पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय और जनसुनवाई में कई बार गुहार लगाई जा चुकी थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद लगातार बढ़ता गया।


ईंटें रखने की बात पर हुआ खूनी हमला

सोमवार शाम करीब छह बजे घर के सामने ईंटें रखे जाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई थी। विश्वकर्मा परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने ईंटें हटाने की बात कही, तो रिजवाना बेगम और उनकी बेटी असिना खान ने आक्रामक होकर उनके घर में धावा बोल दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से अंधाधुंध मारपीट की, जिसमें अच्छेलाल विश्वकर्मा (55), उनकी छह माह की गर्भवती बहू निशा विश्वकर्मा (23) और ब्रजेश विश्वकर्मा (25) बुरी तरह जख्मी हो गए।

डायल 112 की मदद से पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर डायल 112 पुलिस टीम पहुंची। पुलिस की मौजूदगी और सहायता से तीनों घायलों को तुरंत गढ़ीमलहरा से जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया। यहां इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें ट्रॉमा वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। डॉक्टरों की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच व कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।