सतना, सजल कुमार रजक। सतना के सेमरिया चौराहा क्षेत्र में आए दिन लगने वाले भीषण जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने पूरी तरह से सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। सोमवार को नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया, जिसके चलते सुबह की गई कार्रवाई के कुछ ही घंटों बाद शाम को दोबारा निरीक्षण कर सड़क को पूरी तरह खाली कराया गया।
सुबह की गई थी बड़ी कार्रवाई
सेमरिया चौराहा क्षेत्र में सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से ठेले, गुमटियां और दुकानें सजाए जाने के कारण यहां हर समय यातायात बाधित रहता था और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जनता की इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए सोमवार की सुबह नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के निर्देश पर उपायुक्त अनुराग तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष अतिक्रमण विरोधी दल मौके पर पहुंचा और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को बलपूर्वक हटाया गया।
ये भी पढ़ें




शाम को खुद निरीक्षण करने पहुंचे आयुक्त, दोबारा सजी दुकानें देख भड़के
प्रशासन द्वारा सुबह की गई कार्रवाई के बावजूद कुछ दुकानदारों ने शाम ढलते ही दोबारा अपनी दुकानें और ठेले उसी स्थान पर लगा लिए। इस बात की सूचना मिलने पर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा खुद शाम के वक्त सेमरिया चौराहा का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। मौके पर दोबारा अतिक्रमण देख आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल प्रभाव से सभी अवैध दुकानों को वहां से हटवाया।
अधिकारियों को सख्त निर्देश, अब होगी नियमित निगरानी
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक मार्गों और मुख्य सड़कों पर दोबारा किसी भी स्थिति में अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा कब्जा किया गया तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस व्यस्त क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।













