दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत हरद्वानी गांव में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। यहाँ करीब एक दर्जन हमलावरों ने पिता-पुत्र को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ड्यूटी डॉक्टर मधुर जैन के अनुसार, घायल बेटे सत्यप्रकाश की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। टीआई मनीष कुमार ने बताया कि हमलावर संख्या में अधिक थे और पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है, पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है।



