भोपाल,जीतेन्द्र यादव। राजधानी के बागउमराव दूल्हा इलाके में दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने पिस्टल से लैस बदमाश का डटकर सामना किया। जानकारी के अनुसार, सड़क पर गाड़ी टकराने को लेकर हुए मामूली विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया। आरोपी इस बात से नाराज होकर महिला से बहस करने लगा और देखते ही देखते उसने पिस्टल निकालकर उसे धमकाना शुरू कर दिया।
हालांकि महिला ने हिम्मत दिखाते हुए डरने की बजाय आरोपी का विरोध किया और उससे भिड़ गई। इसी दौरान बदमाश ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायर कर दिया, जिससे मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।

