दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के बेरछा गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भागवत कथा के दौरान सेवढ़ा से भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल के साथ अभूतपूर्व घटना घटी। कथा स्थल पर विधायक जब मंच पर विराजमान सीताराम बाबा को सम्मान स्वरूप माला पहनाने पहुंचे, तभी बाबा अचानक नाराज हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाबा ने पहले माला उतारकर विधायक की ओर फेंक दी और फिर 3-4 मुक्के भी जड़ दिए। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


बताया जा रहा है कि यह घटना 4-5 दिन पुरानी है, लेकिन अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।