दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सेवड़ा चुंगी के पास हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने पार्षद पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, मृतक कल्लू कुशवाहा पर पूर्व में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे और हत्या के एक मामले में उन्हें आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई गई थी। हाल ही में वे पेरोल पर जेल से बाहर आए थे। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।