नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' से सम्मानित किए जाने पर देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, "यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत-इंडोनेशिया के बीच लगातार मजबूत होते संबंधों का प्रतीक है। यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक सहयोग को आगे बढ़ाने में उनके योगदान की अंतरराष्ट्रीय मान्यता है। यह दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता, साझा मूल्यों और आपसी विश्वास को भी मजबूत करता है।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना उनके दूरदर्शी नेतृत्व, प्रभावशाली कूटनीति और भारत के राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता की वैश्विक पहचान है। यह सम्मान वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रभाव को रेखांकित करता है।"

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी गतिशील वैश्विक नेतृत्व क्षमता और भारत-इंडोनेशिया के बीच गहरी होती मित्रता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की 'एक्ट ईस्ट नीति' की सफलता और दोनों देशों की साझा समृद्धि की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रदान किया, जिसे भारत और इंडोनेशिया के मजबूत होते रणनीतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने इसे करोड़ों भारतीयों का सम्मान बताया। उन्होंने द्विपक्षीय बैठक के बाद कहा, "आज सुबह मुझे बहुत प्यार और सम्मान के साथ इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान करोड़ों भारतीयों का है। यह इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं और हमारे दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, गहरे संबंधों को दर्शाता है। मैं राष्ट्रपति प्रबोवो, इंडोनेशिया सरकार और यहां के लोगों का दिल से धन्यवाद करता हूं।"