छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगोरे के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की कार्रवाई में आय से अधिक संपत्ति का बड़ा खुलासा हुआ है। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर EOW जबलपुर की टीम ने बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में एक साथ छापेमारी की।
EOW के DSP मंजीत सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में अधिकारी की ज्ञात आय की तुलना में उनकी संपत्ति और खर्च करीब 400 प्रतिशत अधिक पाए गए हैं। कार्रवाई के दौरान अब तक करीब 10 लाख रुपए नकद, करीब 60 लाख रुपए कीमत के वाहन, लगभग आधा किलो सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
जांच टीम को अधिकारी के 8 बैंक खातों की भी जानकारी मिली है। इन खातों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा रोहिणी खुर्द स्थित फार्महाउस की तलाशी अभी बाकी है, जबकि छिंदवाड़ा में जांच जारी है।
EOW अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद संपत्ति तथा बरामदगी का आंकड़ा और बढ़ सकता है। फिलहाल टीम आय, संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।














