कटनी, सुमित पांडे। कटनी शहर के घंटाघर स्थित हनुमान मंदिर के सामने संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर बजरंग दल का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को उग्र हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने Collectorate Katni के मुख्य गेट के सामने चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए “आबकारी विभाग मुर्दाबाद” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि धार्मिक स्थल के ठीक सामने शराब दुकान संचालित होना आस्था के खिलाफ है और वे लंबे समय से इसे हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


कार्यकर्ताओं का कहना है कि कई बार शिकायत और विरोध के बावजूद उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के चलते संगठन को सड़क पर उतरकर चक्का जाम करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान Madhav Nagar Police Station और ट्रैफिक पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, जिससे स्थिति नियंत्रित बनी रही। बजरंग दल की मुख्य मांग है कि घंटाघर स्थित हनुमान मंदिर के सामने से शराब दुकान को तत्काल हटाया जाए ताकि धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास बैनर लगाकर धरना दिया और हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया।