जबलपुर। जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आयोजित इंट्रामूरल प्रतियोगिता के अंतिम चरण में बैडमिंटन मुकाबलों की शानदार शुरुआत हुई। उद्घाटन मैच में भगत ब्रिगेड और रानी दुर्गावती डिफेंडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें भगत ब्रिगेड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में छह हाउसों की टीमें भाग ले रही हैं। अंतिम चरण के इस आयोजन में छात्रों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक रही, जहां हर टीम जीत के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरी।


बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुदर्शन सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर पी. चटर्जी, कन्हैया राठौर, हेमंत शर्मा, महिपाल सिंह, प्राची यादव एवं अंतरिक्ष शर्मा सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन सचिव प्रवीण पांडेय और सुशील शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का सफल संचालन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से छात्रों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है। आने वाले मुकाबलों में और भी रोमांचक खेल देखने को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।