बैतूल,सुरेन्द्र बावने। जिले भर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। शासकीय संस्थाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां बच्चों ने बाबा साहेब को याद कर शिक्षित समाज निर्माण का संकल्प लिया। चिचोली में आजाक, जयस एवं अन्य संगठनों द्वारा डीजे, बैंड-बाजा और आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो पूरे नगर में भ्रमण करती रही।


शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया तथा जगह-जगह पेयजल, शरबत, दूध और लस्सी का वितरण किया गया। जय स्तंभ चौक पर नगर परिषद अध्यक्ष वर्षा मालवीय, उपाध्यक्ष वर्षा आवलेकर सहित गणमान्य नागरिकों ने झांकियों का स्वागत किया। इसके बाद जनपद पंचायत परिसर में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पंचशील वंदना की गई।


तपश्री खेल मैदान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा साधन है और बाबा साहेब इसका सर्वोत्तम उदाहरण हैं। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।