सतना, अंबिका केशरी। सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के बहुचर्चित बारापत्थर हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी चंदन यादव को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा से लगे Banda इलाके से पकड़ा गया, जहां वह मोटरसाइकिल से भागने की फिराक में था। पलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर Nagod पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। काफी देर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सतना लाया गया, जहां गुरुवार को अदालत में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।


गौरतलब है कि 5 मार्च की रात बारापत्थर गांव में गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें बबलू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके पुत्र राणा यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद से मुख्य आरोपी फरार था। इस मामले में पुलिस पहले ही आलोक सोनी, संजय साकेत और प्रेम पुरवार सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई थीं। मुख्य आरोपी चंदन यादव पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इस वारदात की साजिश जेल के अंदर ही रची थी और बाहर आने के बाद घटना को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियों को और मजबूत करने में जुट गई है।