मुंबई, 27 मई । रोमांटिक फैंटेसी ड्रामा फिल्म 'डबल ऑक्यूपेंसी' इन दिनों काफी चर्चाओं में है। इसकी कहानी के साथ-साथ कलाकारों की तैयारी भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। इस बीच फिल्म की निर्माता और जानी-मानी अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने अभिनेता संतोष की तारीफ की। उन्होंने बताया कि संतोष ने फिल्म में अपने किरदार को असली बनाने के लिए बाकायदा बारटेंडिंग का कोर्स किया और ट्रेनिंग हासिल की। सोशल मीडिया पर लोग संतोष की मेहनत और समर्पण की जमकर तारीफ कर रहे हैं।फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान खुशबू सुंदर ने कहा, ''मैं संतोष को उनके स्कूल के दिनों से जानती हूं। बचपन से ही उनका सपना अभिनेता बनने का था। वह पढ़ाई में भी अच्छे थे, लेकिन उनका पूरा ध्यान अभिनय की दुनिया में अपना नाम बनाने पर रहता था। उन्होंने अपने इस सपने को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत की। वह हर सुबह दौड़ लगाते थे, घुड़सवारी सीखते थे और तैराकी भी करते थे, ताकि खुद को फिट और अनुशासित रख सकें।''
खुशबू ने आगे कहा, ''फिल्म 'डबल ऑक्यूपेंसी' में संतोष बारटेंडर का किरदार निभा रहे हैं। वह चाहते थे कि पर्दे पर उनका अभिनय पूरी तरह असली लगे। इसके लिए उन्होंने बारटेंडिंग सीखी। उन्होंने बाकायदा क्लास जॉइन की और पूरा सर्टिफिकेट कोर्स भी किया, ताकि कैमरे के सामने उनका हर एक्सप्रेशन और हर एक्टिंग बिल्कुल वास्तविक लगे। जब कोई कलाकार अपने काम के लिए इतनी मेहनत और जुनून दिखाता है, तो सफलता खुद उसके पास चलकर आती है।''
इस इवेंट में अभिनेता संतोष भी मौजूद थे। उन्होंने खुशबू सुंदर को अपनी जिंदगी का अहम इंसान बताया। उन्होंने कहा, ''किसी नए अभिनेता को इतनी जल्दी हीरो बनने का मौका मिलना आसान नहीं होता। कई बार प्रोडक्शन हाउस अपने हिसाब से कहानी और किरदार तय करते हैं, लेकिन खुशबू ने मुझ पर भरोसा दिखाया और मुझे पूरी आजादी के साथ काम करने दिया। उन्होंने मुझे जो सम्मान और खुशी दी है, उसे मैं जिंदगीभर नहीं भूल सकता।''
उन्होंने आगे फिल्म की क्रिएटिव प्रोड्यूसर आनंदिता सुंदर को लेकर कहा, ''लोग उनको केवल फिल्म की क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जानते हैं, लेकिन मेरे लिए वह बचपन की दोस्त हैं। स्कूल के दिनों से ही वह मेरे सपनों, संघर्षों और मेहनत के बारे में जानती थीं। जब भी मैं अपने सपनों की बातें करता था, तो आनंदिता हमेशा मेरी बातें ध्यान से सुना करती थीं और मेरा हौसला बढ़ाती थीं।''
फिल्म 'डबल ऑक्यूपेंसी' को अवनी मूवीज और बेंज मीडिया मिलकर बना रहे हैं। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे एक इंसान दो अलग-अलग रूपों में जीता है और उसके फैसले लोगों की जिंदगी पर असर डालते हैं। फिल्म में संतोष के साथ संयुक्ता विश्वनाथन, रेशमा वेंकटेश और विनोद किशन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

