भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने तथ्यहीन और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी और पुत्र के नाम पर जो संपत्तियां हैं, वे चुनाव से पहले ही खरीदी जा चुकी थीं और उनका वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का परिवार और उनके रिश्तेदार स्वतंत्र रूप से अपने व्यवसाय एवं कार्यों का संचालन करते हैं। ऐसे मामलों को मुख्यमंत्री के पद या उनकी राजनीतिक भूमिका से जोड़कर देखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोप केवल राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित हैं।
प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछड़ा वर्ग से आने वाले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की छवि को जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों की सच्चाई समझती है और विपक्ष को तथ्यात्मक राजनीति करनी चाहिए।
मंत्री तोमर ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के आरोपों से सरकार के कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

