न्याय की गुहार मां-बेटे पर कातिलाना हमला, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

Advertisement
छतरपुर,शिवम सोनी । जिले के जुझारनगर थाना क्षेत्र के ग्राम खेरा में युवक और उसकी मां पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुरेश अनुरागी ने बताया कि 4 मार्च की रात करीब 8:30 बजे उसका पुत्र रोहित अनुरागी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह कमल साहू के घर के सामने से गुजर रहा था, तभी आरोपी अनीश साहू ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अनीश साहू ने लोहे के धारदार हथियार से रोहित के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची रोहित की मां चंदन अनुरागी के साथ भी कमल साहू और उसके परिवार के अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। घटना में रोहित के सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं उसकी मां की कलाई में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। दोनों घायलों का जिला अस्पताल छतरपुर में इलाज चल रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल भी छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


