अमरपाटन,नरेंद्र अमरपाटन की एक होनहार छात्रा ने यह साबित कर दिया कि सफलता के लिए महंगे निजी स्कूल नहीं, बल्कि मेहनत और लगन जरूरी होती है। शासकीय हाई स्कूल अमरपाटन की छात्रा आँचल देवी कोल ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 491 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 9वां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र, जिले और प्रदेश में गर्व का माहौल है।


आँचल देवी कोल की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने निजी स्कूलों की पढ़ाई छोड़कर सरकारी स्कूल में पढ़ाई करने का निर्णय लिया था। परिजनों के अनुसार, आँचल ने पहले कई निजी विद्यालयों में कुछ समय तक कक्षाएं अटेंड कीं, लेकिन बाद में उन्होंने शासकीय हाई स्कूल में प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई जारी रखी। उनका मानना था कि मेहनत कहीं भी की जाए, सफलता जरूर मिलती है।


आँचल के पिता समरजीत कोल पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में रामनगर, मैहर में कार्यरत हैं। परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से आँचल ने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है।


आँचल की इस उपलब्धि पर जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल सहित विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों ने उनका सम्मान किया। उन्हें माला पहनाकर, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने आँचल की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए इसे अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया।


आँचल देवी का कहना है कि उनके पिता भी शासकीय स्कूल में पढ़े हैं और उन्हीं से प्रेरणा लेकर उन्होंने सरकारी स्कूल को चुना। उन्होंने कहा कि वह आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं और देश की सेवा करना उनका लक्ष्य है।


विद्यालय की प्राचार्य ममता सिंह ने बताया कि आँचल शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं और उन्होंने निरंतर मेहनत कर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि सरकारी स्कूलों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।


कुल मिलाकर आँचल देवी कोल की यह सफलता उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी मानते हैं। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।