मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन में शुक्रवार सुबह एक बार फिर गैस एजेंसी पर अव्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सतना रोड स्थित मानसी गैस एजेंसी पर अचानक बड़ी संख्या में हितग्राही पहुंच गए, लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों ने अमरपाटन-सतना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक सड़क पूरी तरह से जाम रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि एजेंसी में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है, जिसके कारण आम उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कई हितग्राहियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी गैस बुकिंग फर्जी तरीके से दिखाकर सिलेंडर पहले ही डिलीवर कर दिए गए, जबकि उन्होंने कोई बुकिंग नहीं कराई थी।
हंगामे के दौरान कई ऐसे लोग भी लाइन में खड़े नजर आए, जिनके घरों में शादी जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम आने वाले हैं और वे गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं। इस पूरी स्थिति को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल किया गया। साथ ही एजेंसी संचालक को तत्काल गैस सिलेंडर वितरण के निर्देश भी दिए गए।



