जम्मू। श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के शुभारंभ के साथ ही उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन को यात्रियों के प्रमुख स्वागत केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने वाणिज्य एवं परिचालन अधिकारियों की टीम के साथ जम्मू तवी रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य अमरनाथ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेना और उन्हें और अधिक मजबूत बनाना था।
रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए स्टेशन परिसर में एक बड़ा, हवादार और पूरी तरह छायादार पैसेंजर होल्डिंग एरिया विकसित किया है। यहां सैकड़ों यात्रियों के एक साथ बैठने की व्यवस्था की गई है। क्षेत्र में रोशनी, पंखे, कूलर और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे हाउसकीपिंग स्टाफ तैनात किया गया है।
गर्मी और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफॉर्मों पर ट्रेनों में समय पर पानी भरने की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन पर 24 घंटे हेल्प डेस्क संचालित किया जा रहा है। यहां रेलवे कर्मचारियों के साथ स्काउट्स एवं गाइड्स भी तैनात हैं, जो यात्रियों को ट्रेन समय-सारिणी, प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहे हैं।
भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन पर 24 घंटे एक वरिष्ठ रेलवे पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। इसके अलावा अतिरिक्त टिकट जांच स्टाफ, वाणिज्यिक कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं।
रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विशेष निगरानी की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे के वार रूम से चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है तथा अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।
रेलवे ने जानकारी दी कि जम्मू रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 को भी ट्रेन संचालन के लिए शुरू कर दिया गया है। 3 जुलाई को ट्रेन संख्या 13152 का संचालन नए प्लेटफॉर्म से किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों से संबंधित सूचनाओं की नियमित घोषणाएं भी की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
रेलवे प्रशासन ने अमरनाथ यात्रियों से यात्रा से पहले अनिवार्य पंजीकरण कराने, केवल अधिकृत टिकट काउंटरों से टिकट खरीदने, अजनबियों से भोजन या पेय पदार्थ स्वीकार नहीं करने तथा किसी भी सहायता के लिए हेल्प डेस्क या रेल मदद हेल्पलाइन 139 से संपर्क करने की अपील की है।
उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने सभी अमरनाथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं।

