छतरपुर,विनोद मिश्रा। खजुराहो-झांसी फोरलेन स्थित बमीठा थाना क्षेत्र के देवगांव टोल प्लाजा पर मारपीट और अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि टोल प्लाजा मैनेजर आरएस तोमर की दबंगई के चलते यात्रियों से जबरन दोगुना टैक्स वसूला जा रहा है।


स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि टोल प्रबंधन द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए मनमानी वसूली की जा रही है। विरोध करने पर यात्रियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट तक की जा रही है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।


बताया जा रहा है कि टोल मैनेजर के संरक्षण में यह पूरा खेल खुलेआम चल रहा है और शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।


ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।