टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। जिले सहित निवाड़ी और छतरपुर के व्यापारियों ने जय बुन्देलखण्ड फ्लोर मिल प्रा. लि. पर लगभग 3 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान न करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में व्यापारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) टीकमगढ़ को सामूहिक आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


व्यापारियों का कहना है कि पिछले दो वर्षों के दौरान उन्होंने गेहूं एवं अन्य कृषि उपज उक्त मिल को बेची थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया। कई बार मौखिक और लिखित रूप से संपर्क करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा।


प्रभावित व्यापारियों के अनुसार, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर जिलों के व्यापारियों का कुल बकाया करीब 3 करोड़ रुपये है। उन्होंने आरोप लगाया कि मिल संचालक जानबूझकर भुगतान में देरी कर रहे हैं, जो धोखाधड़ी और व्यापारिक विश्वासघात की श्रेणी में आता है।


आवेदन में व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और सभी व्यापारियों का बकाया जल्द दिलाया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की भी मांग की गई है।


व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि वे प्रशासन को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं और आवश्यक दस्तावेज जैसे बिल, डी-पर्ची एवं परिवहन विवरण प्रस्तुत कर सकते हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और प्रभावी कार्रवाई करता है।