टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। शहर की ऐतिहासिक नजरबाग दरगाह पर इस वर्ष 83वां उर्स 18, 19 और 20 मई को श्रद्धा और सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा। उर्स की तैयारियों को लेकर 22 अप्रैल को दरगाह परिसर में सर्व समाज की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में उर्स के संयोजक टिंकू खान ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 मई को पारंपरिक रूप से चादर चढ़ाई जाएगी, जो उर्स का प्रमुख आकर्षण रहता है। इसके बाद 19 और 20 मई को भव्य कव्वाली कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से आने वाले प्रसिद्ध कव्वाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे और जायरीन सूफी संगीत का आनंद लेंगे।

इस अवसर पर टीकमगढ़ सदर विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला भी मौजूद रहे। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

उर्स कमेटी के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि इस बार उर्स को और अधिक भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। साथ ही विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने जानकारी दी कि उर्स के दौरान 11 सामूहिक विवाह भी आयोजित किए जाएंगे, जिनकी तैयारियां विशेष रूप से की जा रही हैं।

बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। साथ ही दरगाह परिसर में साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई, ताकि उर्स में आने वाले जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।