भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की कठिन परीक्षा में इस बार मध्यप्रदेश के 61 युवाओं ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इन युवाओं ने न केवल राज्य बल्कि पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। खास बात यह है कि इनमें से कई अभ्यर्थी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में पढ़े हुए हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से इस मुकाम तक पहुंचे हैं।


प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 मार्च को सभी सफल अभ्यर्थियों का सम्मान करेंगे और उनसे संवाद भी करेंगे। चयनित युवाओं में ग्रामीण क्षेत्रों के भी कई प्रतिभाशाली छात्र शामिल हैं, जहां बिजली, इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहता है, फिर भी उन्होंने अपने हौसले और जुनून से सफलता हासिल की।


कुल चयनित 61 अभ्यर्थियों में से 15 ने सरकारी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से शिक्षा प्राप्त की है। यह उपलब्धि प्रदेश के सरकारी शैक्षणिक संस्थानों की गुणवत्ता और छात्रों की मेहनत का प्रमाण है। यह सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है, जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देख रहे हैं।