छतरपुर,सुबोध त्रिपाठी। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां 33 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रिंकू रैकवार के रूप में हुई है, जो हाल ही में काम पर आया था।
जानकारी के अनुसार, रिंकू रैकवार बंदरों को भगाने के लिए लोहे का पाइप लेकर गया था। इसी दौरान पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही 33KV हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक मात्र 5 दिन पहले ही काम पर आया था। घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

