नई दिल्ली। रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ट्रेनों में कोच अटेंडेंट पद के लिए योग्यता में बदलाव करते हुए अब न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित कर दी है। इसके साथ ही उम्मीदवारों के पास हाउसकीपिंग से संबंधित तीन माह की ट्रेनिंग और आईटीआई प्रमाण पत्र होना अनिवार्य किया गया है।


पहले इन पदों के लिए 10वीं पास योग्यता निर्धारित थी, लेकिन सेवा गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने के बाद यह बदलाव किया गया है। रेलवे बोर्ड के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के निदेशक लव कुमार द्वारा सभी जोनों के महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।


गौरतलब है कि कोच अटेंडेंट की भर्ती सीधे रेलवे द्वारा नहीं की जाती, बल्कि निजी एजेंसियों के माध्यम से चयन होता है। नमो भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन के साथ यात्रियों की अपेक्षाएं भी बढ़ी हैं, जिसके चलते तकनीकी रूप से दक्ष कर्मचारियों की जरूरत महसूस की गई।


नई नीति के तहत आईटीआई योग्यता को अनिवार्य करने का उद्देश्य यह है कि कोच अटेंडेंट छोटे-मोटे तकनीकी कार्य जैसे लाइट, सीट या अन्य उपकरणों की खराबी को तुरंत ठीक कर सकें। साथ ही उन्हें कोच में एक सुपरवाइजर की भूमिका भी निभानी होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।