सतना,अंबिका केसरी । माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा शिक्षण सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बुधवार को घोषित कर दिए गए। जिले में इस बार हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि हायर सेकेंडरी के नतीजों में मामूली बढ़त देखने को मिली है। कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 63.88 प्रतिशत रहा, जबकि कक्षा 12वीं में 73.21 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए।


जिले के लिए गौरव की बात यह रही कि स्टेट मेरिट सूची में उत्कृष्ट विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 के तीन छात्रों ने स्थान बनाकर सतना का नाम रोशन किया। कक्षा 10वीं में छात्रा प्राची कुशवाहा ने प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 12वीं में सिमरन छाबड़िया ने कॉमर्स संकाय में छठवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा नमन सिंह और अमन गुप्ता ने गणित विषय में संयुक्त रूप से नौवां स्थान अर्जित किया।


अमन गुप्ता की सफलता खास चर्चा में रही। उनके पिता निजी नौकरी करते हैं और उन्होंने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं थी, लेकिन आज बेटे ने परिवार का नाम रोशन कर दिया। अमन गुप्ता ने बताया कि उनका लक्ष्य सिविल सर्विसेज में जाना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, आत्म अनुशासन और सेल्फ स्टडी को दिया। अमन ने बताया कि उन्होंने केवल फिजिक्स विषय के लिए कोचिंग ली, बाकी सभी विषयों की तैयारी यूट्यूब और स्वयं अध्ययन के माध्यम से की।


वहीं सिमरन छाबड़िया ने भी अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने बताया कि उनका सपना आईएएस अधिकारी बनना है और वे आगे भी इसी लक्ष्य को लेकर पढ़ाई जारी रखेंगी।


जिले के इन होनहार विद्यार्थियों की उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। कुल मिलाकर इस वर्ष के परीक्षा परिणाम ने यह साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।